जिले में 62 स्थानों पर लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले
बिजनौर। जिले में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। जिलेभर में 62 स्थानों पर लगे मेलों में 93 चिकित्सकों और 660 पैरामेडिकल स्टाफ ने लगभग 5173 मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श दिया और औषधियां वितरित की गईं।
शासन के निर्देश पर रविवार को जिले में कुल 62 स्थानों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन हुआ। इनमें लगभग 93 चिकित्सकों और करीब 660 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। मेलों में आए विभिन्न बीमारियों से पीड़ित करीब 5173 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें दवाई दी गई। इनमें 1824 पुरुष, 2486 महिलाएं और 863 बच्चे शामिल रहे। इनमें से 53 मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 277 गोल्डन कार्ड बनाए गए।
112 मरीजों को दी गई दवा
चांदपुर/किरतपुर। रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में कुल 112 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 33 पुरुष, 65 महिला, 14 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इनमें सर्वाधिक चर्मरोग से पीड़ित 25 मरीज मिले। सांस के रोग के सात, मधुमेह रोग के दस, उदर रोग के 16, हाइपरटेंशन के 11, एनीमिया की तीन, लीवर के 11 एवं अन्य 29 रोगों से पीड़ित मरीज मिले। मेले में डॉ. शाहिद, डॉ. सीमा भारद्वाज, सीएचओ संदीप पटेल, दीपिका, फार्मासिस्ट रोहित कुमार, एएनएम रेनू रानी, वार्ड ब्वाय गौरव कुमार आदि रही। उधर किरतपुर में मोहल्ला आंबेडकरनगर स्थित नगर के उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और गांव भनेड़ा स्थित उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ डीएम रमाकांत पांडेय ने किया। इस दौरान एसीएमओ एसके निगम, प्रभारी चिकित्साधिकारी ईश्वरानंद, फार्मासिस्ट तेजपाल सिंह, राजीव कुमार, डॉ. सनाउर्राहमान, डॉ. संजय वर्मा सहित एलटी स्टाफ, नर्स, आशा कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।
जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित है सरकार
नगीना/कासमपुरगढ़ी। मोहल्ला रेती सराय में स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का शुभारंभ भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व नमामि गंगे के क्षेत्रीय संयोजक प्रमोद चौहान ने किया। कहा भाजपा सरकार गरीबों और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए समर्पित है। इस दौरान 80 मरीजों का चेकअप किया गया। इस अवसर पर समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना के प्रभारी डॉ नवीन कुमार, डॉ. हिमानी देशवाल, शैलजा, प्रीतिबाला, मोहम्मद शुएब, राहुल सैनी आदि मौजूद रहे। उधर कासमपुरगढ़ी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सर्वेश निराला ने सरकार की आयुष्मान योजना के संबंध में बताया कि लोग इस योजना से लाभांवित हो रहे हैं, लेकिन अभी भी कुछ लोग इस योजना से वंचित हैं। जो लोग इस योजना के पात्र हैं, उन्हें जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. राजकुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी रीता देवी, बिंदु सिंह, शिखा चौहान आदि रहे।
12 लोगों के बनाए गए आयुष्मान कार्ड
नहटौर/हीमपुर दीपा/नूरपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित आरोग्य स्वास्थ्य मेले में कई मरीजों ने लाभ उठाया। शुभारंभ विधायक ओम कुमार के प्रतिनिधि अरविंद चौधरी एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. गुरुचरण सिंह ने संयुक्त रूप से किया। उधर हीमपुर दीपा में ग्राम अजुपुरा जट स्थित उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ चिकित्सा प्रभारी कौशल कुमार एवं वयोवृद्ध धूम सिंह ने किया। इसके बाद करीब 110 मरीजों का उपचार किया गया। इस अवसर पर डॉ. कौशल कुमार, फार्मासिस्ट संदीप कुमार, रीना देवी, अनुपम, कृष्ण कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं नूरपुर में आयोजित मेले में 252 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा ब्लड जांच, वैक्सीनेशन एवं 12 लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी अजय गंधर्व, डॉ. कुमेश, डॉ. सारिका, इमरान अली, पवन अग्रवाल, प्रभारी सीडीपीओ शारदा रानी, कमलेश देवी आदि मौजूद रहे।