बिजनौर में राजा चरत सिंह इंटर कॉलेज साहनपुर परीक्षा केंद्र पर शुक्रवार को प्रथम पाली में इतिहास की जगह रसायन विज्ञान का पेपर खुल गया। मामले की प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना तक नहीं दी गई। शिक्षा विभाग के अधिकारी मामले को दबाने में लगे रहे। केंद्र व्यवस्थापक की इस चूक से बिजनौर से लेकर लखनऊ तक खलबली मच गई। घटना की असलियत जानने के लिए अधिकारियों के फोन खनखनाते रहे। मामले में केंद्र व्यवस्थापक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
छह फरवरी से हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं चल रही हैं। नजीबाबाद तहसील का राजा चरत सिंह इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र है। 16 फरवरी शुक्रवार को प्रथम पाली में इंटर इतिहास का प्रथम पेपर था। डीआईओएस राजेश कुमार के अनुसार एक विषय के पेपर एक बडे़ लिफाफे में रखे होते हैं। लिफाफे के ऊपर परीक्षा का दिन, तारीख तथा विषय लिखा होता है। केंद्र व्यवस्थापक ने बड़ा लिफाफा खोला। बड़े लिफाफे के अंदर तीन छोटे लिफाफे रखे थे। इन लिफाफों पर भी विषय लिखा होता है। इनमें दो लिफाफे इतिहास विषय के थे। इनमें क्रमश: इतिहास विषय के 10 व 20 पेपर रखे थे । केंद्र व्यवस्थापक ने तीसरे लिफाफे के फ्रंट को पढ़े बिना खोल दिया। उस लिफाफे में रसायन विज्ञान के पेपर निकले। यह देख केंद्र पर हड़कंप मच गया। सूचना पर डीआईओएस राजेश कुमार केंद्र पर पहुंचे। आसपास के सात केंद्रों से बचे इतिहास के पर्चों को मंगवाया गया। इस पूरे एपिसोड में करीब आधा घंटा लग गया।
आधा घटे देरी से शुरू हुआ पेपर
बिजनौर। डीआईओएस राजेश कुमार के अनुसार केंद्र पर इतिहास विषय के 74 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। दो लिफाफों में 30 पेपर निकले, बाकी 44 पेपर की पूर्ति आसपास के केंद्रों से मंगवाकर की गई। पेपर करीब आधा घंटे देरी से शुरू हुआ। बोर्ड अधिकारियों से अनुमति लेकर परीक्षार्थियों को आधा घंटे का अतिरिक्त समय दिया गया।
आला अधिकारियों को रखा गया अंधेरे में
बिजनौर। करीब आधा घंटे तक इंटर इतिहास का पेपर सड़कों पर घूमता रहा, परंतु शिक्षा विभाग के किसी अधिकारी ने मामले की जानकारी डीएम ,एसडीएम या अन्य अधिकारियों तक को नहीं दी। जिले में साहनपुर केंद्र पर गलत पेपर खुलने की बात हवा की तरह फैल गई। शिक्षा विभाग के अधिकारी पूरे मामले को दबाने में लगे रहे। एसडीएम नजीबाबाद एसके सिंह का कहना है कि डीआईओएस या केंद्र व्यवस्थापक ने उन्हें भी सूचना देना गवारा नहीं समझा। एडीएम वित्त व राजस्व सुरेंद्र राम ने डीआईओएस को फोन करके घटना की जानकारी ली। सूत्रों के अनुसार मामला शासन तक पहुंच गया है। बिजनौर, बरेली, व लखनऊ के अधिकारी पेपर खुलने की असलियत जानने के लिए फोन करते रहे।
प्रथम दृष्टा केंद्र व्यवस्थापक की गलती
बिजनौर। डीआईओएस के अनुसार पेपर केंद्र व्यवस्थापक ,अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक समेत तीन शिक्षक कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति में खोला जाता है। लिफाफे को पढ़कर काटने की जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की होती है। प्रथम दृष्टा केंद्र व्यवस्थापक की गलती है। केंद्र व्यवस्थापक सुरेशपाल सिंह व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक लाल जी को तुरंत प्रभाव से हटा दिया गया है।
केंद्र व्यवस्थापक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक बदले गए
बिजनौर। डीआईओएस राजेश कुमार के मुताबिक राजा चरत सिंह इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का केंद्र व्यवस्थापक उसी कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षक सुरेंद्र सिंह को बना गया है। उन्होंने आगे की परीक्षा का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। जीआईसी नजीबाबाद के प्रवक्ता मेघपाल सिंह को अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। इस मामले में शिक्षक कक्ष निरीक्षक की कोई गलती नहीं है। उनका काम केवल यह देखना है कि लिफाफा अच्छी तरह सील है कि नहीं है।
रसायन विज्ञान का पेपर बदलेगा
बिजनौर। साहनपुर परीक्षा केंद्र पर रसायन विज्ञान का जो पेपर खुला है, उसकी परीक्षा 20 फरवरी को होनी है। डीआईओएस के अनुसार रसायन विज्ञान का पेपर बदलना तय है। इसका निर्णय बोर्ड मुख्यालय से होगा।
केंद्र व्यवस्थापक से मांगा स्पष्टीकरण
बिजनौर। डीआईओएस राजेश कुमार के अनुसार राजा चरत सिंह इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक का गलत पेपर खोलने के मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट बोर्ड हैड क्वाटर को भेजी जाएगी। केंद्र व्यवस्थापक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक पर अगली कार्रवाई का निर्णय बोर्ड अधिकारी लेंगे।
लोग पेपर आउट होने की करते रहे कानाफूसी
नजीबाबाद । डीआईओएस ने जीआईसी नजीबाबाद की प्रधानाचार्या अनामिका यादव को तत्काल अन्य केंद्रों से इतिहास के द्वितीय प्रश्नपत्र एकत्र कर साहनपुर के राजा चरत सिंह इंटर कॉलेज केंद्र पर पहुंचाने के निर्देश दिए। नजीबाबाद के करीब सात परीक्षा केंद्रों से इतिहास के प्रश्नपत्र एकत्र कर साहनपुर परीक्षा केंद्र पहुंचाए गए। भाग दौड़ करने वाले हाथ में खुलेआम इतिहास के प्रश्रपत्र लिए हुए इधर से उधर घूमते रहे। बाजार के लोग तमाशबीन बने इस नजारे को देखकर आपस में पेपर आउट होने की कानाफूसी करते रहे।
वाणिज्य विषय में एक छात्रा ने परीक्षा दी
रेहड़ में कासमपुरगढ़ी एचसीएम इंटर कॉलेज में अकेली छात्रा को परीक्षा दिलाई गई। शुक्रवार को हाईस्कूल वाणिज्य विषय की परीक्षा दूसरी पारी में थी। शुक्रवार को एक ही संस्थागत छात्रा परीक्षा देने पहुंचीं। अन्य कोई परीक्षार्थी वाणिज्य विषय का नहीं था। छात्रा अंशिका ने परीक्षा दी। केंद्र व्यस्थापक श्याम सिंह ने इकलौती संस्थागत छात्रा को परीक्षा दिलाई। ड्यूटी में एक सहायक, दो परीक्षा सहायक, दो कक्ष निरीक्षक, एक रिलीवर, तीन सदस्य सचल दस्ता, सुरक्षा की दृष्टि से दो होमगार्ड लगाए गए थे।