किसान दिवस पर चौधरी चरण सिंह को याद किया
अफजलगढ़। सपा कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण के जन्मदिन को किसान दिवस के रूप में मनाया गया।
बुधवार को कार्यकर्ता बस स्टैंड स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर एकत्र हुए और चौधरी साहब के 118 वें जन्मदिन को किसान दिवस के रूप में मनाते हुए उनके चित्र पर पुष्पार्चन कर उन्हें याद किया। वक्ताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों के मसीहा के रूप में जाने जाते हैं और उन्होंने अपने जीवनकाल में किसानों के हित में अनेक लड़ाइयां लड़ी। चौधरी साहब के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया गया। इस दौरान चैन सिंह, मलकीत सिंह, बलजीत सिंह, शेख इरशाद, शेख इमरोज, इमरान अलवी, रफीक मिस्त्री, खलील सागर, सतेंद्र पाल सिंह, इमरान पठान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मोहल्ला मुमताज हुसैन स्थित पूर्व विधायक शेख सुलेमान के आवास पर चौधरी साहब की जयंती मनाई गई। किसानों के आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों को श्रद्धांजलि दी गई। शेख सुलेमान ने कहा कि चौधरी साहब सारी जिंदगी किसानों, पिछड़ों, मजदूरों अल्पसंख्यकों, अनुसूचित जाति के लिए संघर्ष करते रहे। इस दौरान कई जरूरतमंदों को ठंड से बचाव के लिए लिहाफ वितरित किए गए। इस मौके पर शेख इस्लामुद्दीन, वाहिद हुसैन, सलीम अहमद, वाजिद हुसैन, रशीद हुसैन, जुनैद अहमद, उवैस अहमद, शेख सुल्तान आदि रहे।