सीएए पर हुए उपद्रव की चार्जशीट दाखिल
बिजनौर/नहटौर। बिजनौर कोतवाली प्रभारी रमेशचंद शर्मा ने बताया कि 20 दिसंबर को नगर में सीएए के विरोध में हुए उपद्रव के मामले में 37 आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया है। वहीं, नहटौर में हुए उपद्रव में मामले में भी दाखिल की गई चार्जशीट में 81 आरोपियों में से 17 आरोपी ऐसे बनाएं गए हैं। इनमें से दो आरोपियों पर दो और 15 आरोपियों पर तीनों घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। अलग-अलग मुकदमों में 2/3 लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम सहित कुल 19 संगीन धाराओं को चार्जशीट में शामिल किया गया है।
विगत 20 दिसंबर को नहटौर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उपद्रव हुआ था। इसमें पुलिस ने कपड़ा बाजार, नैजो सराय, थाने पर उपद्रव करने पर 39 नामजद और 2200 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। उपद्रव में पथराव, आगजनी हुई थी। विवेचना में पुलिस ने इससे संबंधित 11 केस और दर्ज किए गए। पुलिस ने आरोपियों के घर पर नोटिस चस्पा किए गए थे। बाद में 59 आरोपियों के और नाम प्रकाश में आए। इन 59 आरोपियों में से 17 ऐसे आरोपी हैं, इनके नाम एक से अधिक घटनाओं में शामिल हैं। इन 17 आरोपियों में से 2 आरोपियों पर दो और 15 आरोपियों पर तीनों घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।