बीएड प्रवेश परीक्षा की निगरानी में किया बदलाव
बिजनौर। बीएड प्रवेश परीक्षा छह जुलाई को है। शासन ने प्रश्नपत्रों की निगरानी की व्यवस्था में बदलाव किया है। परीक्षा केंद्र पर टीम प्रश्नपत्रों को लेकर जहां से गुजरेगी वहां रास्ते में मुख्य गेट से परीक्षा कक्षों तक सीसीटीवी कैमरे लगे होने अनिवार्य हैं। व्यवस्था पर करीब 125 अधिकारी निगाह रखेंगे और परीक्षा में मोबाइल फोन पर प्रतिबंध रहेगा।
डीएम उमेश मिश्रा ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में बीएड प्रवेश परीक्षा से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि परीक्षा नकलविहीन, शुचिता पूर्ण होनी है। परीक्षा में कतई ढील नहीं बरती जाए। जिला कोआर्डिनेटर डॉ. अजय कुमार सिंह राणा ने बताया कि परीक्षा के लिए 18 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 8000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 36 आब्जर्वर, 18 केंद्र व्यवस्थापक, 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, नौ केंद्रीय प्रतिनिधि तथा तीन सचल दल बनाए गए हैं। अभी तक परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगे रहने की व्यवस्था थी। परंतु इस बार कक्षों के साथ टीम प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों पर जिस रास्ते से लेकर गुजरेगी वहां भी सीसीटीवी कैमरे लगे होने अनिवार्य है। बरामदों में भी कैमरे रहेंगे।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा में अभ्यर्थी मोबाइल फोन नहीं ला सकेंगे। केंद्रों के मुख्य गेट पर तलाशी होगी। तलाशी की त्रि स्तरीय व्यवस्था होगी। कक्ष निरीक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट पर भी मोबाइल ले जाने पर पाबंदी होगी। केंद्र के आब्जर्वर, केंद्र व्यवस्थापक तथा केंद्रीय प्रतिनिधि को मोबाइल रखने की अनुमति होगी। प्रश्नपत्र कोषागार के स्ट्रांग रूम से केंद्र तक पुलिस की निगरानी में जाएंगे। अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति होगी।
यहां बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
कुल 8000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वर्धमान कॉलेज में तीन केंद्र हैं। जिन पर क्रमश 500-500-300 अभ्यर्थी, आरबीडी के दो केंद्र पर 400-400, केपीएस पर 500, आरजेपी इंटर कॉलेज केंद्र पर 500, बीआईसी पर 500, पॉलिटेक्नीक पर 400, जीजीआईसी केंद्र पर 500, आर्य वैदिक कन्या इंटर कॉलेज केंद्र पर 300, जीजीआईसी झालू पर 300, हृदयानंद इंटर कॉलेज झालू पर 300, सीडी इंटर कॉलेज हल्दौर केंद्र पर 500, आरएचएस हल्दौर केंद्र पर 500, हिंदू इंटर कॉलेज किरतपुर पर 500, एमएम इंटर कॉलेज किरतपुर केंद्र पर 500, किसान इंटर कॉलेज मंडावली केंद्र पर 500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।