जांच में फर्जी निकली चंदेल की शिकायत
बिजनौर। राष्ट्रीय लोकदल के जिला प्रवक्ता यादराम सिंह चंदेल की ओर से अपर मुख्य चिकित्साधिकारी रोहताश कुमार पर लगाए गए भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोप अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मुरादाबाद मंडल की जांच में फर्जी पाए गए। एडी के अनुसार शिकायतकर्ता यादराम सिंह चंदेल बयान दर्ज कराने के दौरान कोई साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा पाए। यादराम ने प्रमुख सचिव से इस मामले की शिकायत की थी। प्रमुख सचिव ने इस प्रकरण की जांच एडी स्वास्थ्य मुरादाबाद को सौंपी थी।
नगर के मोहल्ला जाटान बी-4 निवासी राष्ट्रीय लोकदल के जिला प्रवक्ता यादराम सिंह चंदेल ने प्रमुख सचिव से अपर मुख्य चिकित्साधिकारी रोहताश कुमार की शिकायत की थी। आरोप थे कि डाक्टर रोहताश कुमार अपने पद का दुरुपयोग करते हैं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्रों तक नहीं पहुंचने देते। डाक्टर रोहताश कुमार के अनुसार नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने के लिए अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित कराए गए। यादराम सिंह चंदेल ने भी अपने घर पर उक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित करवाने के लिए आवेदन किया था। उनकी जगह पर्याप्त न पाए जाने पर उसे रिजेक्ट कर दिया गया था। इसी के चलते चंदेल द्वेष भावना से शिकायत करने में लगे थे। मुरादाबाद मंडल के अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ने डाक्टर रोहताश कुमार और शिकायत कर्ता यादराम सिंह चंदेल को बुलाया था। अलग अलग दोनों के बयान दर्ज किए गए। इस दौरान यादराम चंदेल आरोप से संबंधित कोई भी साक्ष्य एडी के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सके।