नजीबाबाद में बच्चों को आत्मसुरक्षा के टिप्स देते सीओ।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में जागरूकता अभियान में बालिकाओं को आत्मसुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के टिप्स दिए और स्कूल आवागमन में आने वाली चुनौतियों का निडरता के साथ मुकाबला करने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्लोबल एकेडमी स्कूल में आयोजित जागरूकता अभियान में मुख्य अतिथि सीओ नजीबाबाद अरुण कुमार सिंह ने बालिकाओं को व्हाट्सएप, फेसबुक को अनावश्यक प्रयोग न करने, अपने फोटो अपलोड न करने की सलाह दी। सीओ ने स्कूल आते-जाते समय जरा भी असुरक्षित महसूस करने पर तत्काल पुलिस हेल्प लाइन के नंबर 1090 की मदद लेने को कहा। सीओ ने किसी अंजान व्यक्ति के बहकावे में न आने तथा वाहन चालक द्वारा गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश करने पर शोर मचाकर राहगीरों की मदद लेने की सलाह दी। सीओ ने ताइक्वांडो को आत्मसुरक्षा का कवच बताया।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने सुरक्षा के दायित्वों के प्रति छात्राओं एवं स्टाफ को शपथ दिलाई। नजीबाबाद में एमडी सुनील चंदोला, ताइक्वांडो कोच नसीम अहमद की उपस्थिति एवं हादिया बिलाल के संचालन में इशिका पंडित आदि मौजूद रहे।
बेटियों की शिक्षा के प्रति जागरूक हुआ समाज
नजीबाबाद में शिक्षिका रेशमा खान का कहना है कि बदलते युग में बेटियों की शिक्षा के प्रति समाज जागरूक है। पढ़ी लिखी बेटी ही जीवन में प्रत्येक क्षेत्र में अपना परचम लहराती है। अमर उजाला ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ मुहिम की शुरूआत की थी। सरकार ने भी इसे जन आंदोलन का रूप दिया। शिक्षिका प्रीति अग्रवाल और ग्लोबल एकेडमी की प्रधानाचार्या आशा जैन का कहना है कि परिवार में माता-पिता का शिक्षित होना जरूरी है। आशा जैन का कहना है कि अमर उजाला ने नारी ही नहीं समाज के लोगों का मार्गदर्शन किया है।