बिजनौर पुलिस के हत्थे चढ़े हत्यारोपी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में क्राइम ब्रांच और पुलिस की टीम ने तीन दिन पहले चालक की हत्या कर ट्रैक्टर लूट की घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चार बदमाशों को मुठभेड़ में पकड़ने का दावा किया है। इनके कब्जे से लूटा गया ट्रैक्टर, दो बाइकें और तमंचे बरामद किए गए हैं।
एसपी अजय साहनी के मुताबिक मंडावर थाना क्षेत्र के गांव दयालवाला निवासी अब्दुल हकीम शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे गांव फजलपुर निवासी लालबहादुर की दुकान के लिए ट्रैक्टर ट्राले से सीमेंट लेने लक्सर गया था। लालबहादुर की दुकान पर अब्दुल हकीम नौकरी करता था। गांव खिरनी गोपालपुर के बीच नहर के रजवाहे पर बदमाशों ने अब्दुल हकीम की हत्या कर उसका ट्रैक्टर लूट लिया। बदमाश ट्राले को मौके पर ही छोड़ गए थे। अब्दुल हकीम का शव एक गड्ढे में दबा मिला था। अब्दुुल हकीम के पुत्र शाहिद ने घटना की रिपेार्ट दर्ज कराई थी। क्राइम ब्रांच की टीम और मंडावर पुलिस ने मंगलवार को बालावाली रोड से मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को ल्ूाटे गए ट्रैक्टर के साथ दबोच लिया।
पकड़े गए बदमाशों में मंडावर थाने के गांव गैबलीपुर निवासी राहुल, गांव नारायणपुर निवासी शुभम, शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाखरपुर निवासी देवेंद्र उर्फ भोलू और गांव ब्रहमपुरी रावली निवासी कमलजीत उर्फ लाडी शामिल हैं। नारायणपुर निवासी एक बदमाश टीकम अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों से घटना में प्रयुक्त बाइक दो तमंचे और कारतूस बरामद कर लिए हैं।
पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस को बताया कि गैंग का सरगना राहुल है। राहुल ने ही साथियों के साथ मिलकर अब्दुल हकीम का ट्रैक्टर लूटने की योजना बनाई थी। राहुल, शुभम और टीकम घटना के दिन बाइक से अब्दुल हकीम के ट्रैक्टर का पीछा करने लगे। थोड़ी दूर चलने के बाद राहुल ने शुभम और टीकम को अब्दुल हकीम के ट्रैक्टर पर बैठा दिया। राहुल को अब्दुल हकीम जानता था। वह इसलिए ट्रैक्टर पर नहीं बैठा। गांव गोपालपुर से पहले शुभम टीकम ने लघुशंका के बहाने अब्दुल हकीम से ट्रैक्टर रुकवा लिया। राहुल पीछे से आ गया।
तीनों ने हकीम के सिर पर सरिये और डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। शव को पास के खेत में दबा दिया और ट्रैक्टर लूटकर ले गए। राहुल और शुभम लूटे गए ट्रेक्टर को लेकर गांव बाखरपुर में देवेंद्र उर्फ भोलू के पास पहुंचे। देवेंद्र ने लूटे गए ट्रैक्टर को बेचने और छिपाने के लिए कमलजीत को दे दिया। राहुल को छोड़कर किसी बदमाश का पहला आपराधिक रिकार्ड नहीं है। एसपी ने केस का खुलासा करने वाली क्राइम ब्राचं की टीम में शामिल उपनिरीक्षक प्रेमवीर राणा, अखिलेश प्रधान दरोगा सुमन कुमार सिंह, फतेह सिंह समेत पूरी टीम को पांच हजार रुपये के इनाम की घोषणा की।