विधायक निधि से 14 गांव में बनेंगे सीसी मार्ग और नाले
नजीबाबाद। विधायक निधि से सीसी मार्ग और नाला निर्माण के 1.75 करोड़ रुपये के प्रस्ताव जिला प्रशासन को सौंपे गए हैं। शासन ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए विधायकों को जीएसटी सहित विकास कार्यों के लिए तीन-तीन करोड़ रुपये जारी करने का फैसला लिया है। पहली किस्त जारी हो चुकी है। नजीबाबाद के विधायक हाजी तसलीम अहमद ने अस्वस्थता के बावजूद विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से एक करोड़ 75 लाख रुपये के प्रस्ताव जिला प्रशासन को सौंपे हैं। गत वित्तीय वर्ष में कोरोना काल के चलते शासन द्वारा विधायक निधि जारी नहीं की गई थी। वर्ष 2022 में चुनाव को देखते हुए शासन ने विधायकों को तीन-तीन करोड़ रुपये की विकास राशि देने के साथ तत्काल विकास प्रस्ताव मांगे हैं।
विधानसभा नजीबाबाद के सपा विधायक हाजी तसलीम अहमद करीब डेढ़ माह से अस्वस्थ हैं। बावजूद बीमारी के उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 14 गांव में सीसी मार्ग निर्माण व नाला निर्माण से संबंधित करीब 1.75 करोड़ रुपये के प्रस्ताव जिला प्रशासन को 25 मई 2021 को सौंपे हैं।
शासन द्वारा विधायक निधि से होने वाले विकास के लिए पहली किस्त 1.50 करोड़ रुपये जारी कर दी गई है। विधायक प्रतिनिधि नितिन कश्यप ने बताया कि विधायक निधि से जिन गांव में सीसी सड़क निर्माण आदि के विकास कार्य कराए जाने हैं उनमें तातारपुर लालू, अकबरपुर आंवला, हर्सवाड़ा, हुमायूंपुर, मथुरापुर मोर, परमावाला, बीरूवाला, श्यामीवाला, बेगमपुर भोनावाला, मोचीपुरा, शाहपुरा उमराव, कोटसराय, इब्राहीमपुर राजू सहित अनेक गांव शामिल हैं।