रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला दबोचा
धामपुर। पुलिस ने रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी करने के आरोपी संदीप का सोमवार को चालान कर दिया है। आरोपी ने शेरकोट के मुहल्ला फतेहपुर निवासी एक युवक की रेलवे में सीनियर डीसी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर झांसा देकर ठगी की थी। आरोपी के पास से तलाशी में रेलवे में सीनियर डीसी के पद का एक नियुक्ति पत्र व फर्जी मेडिकल प्रमाण पत्र बरामद हुआ है। आरोपी स्योहारा थाने के गांव शरीफनगर निवासी संदीप पुत्र हरस्वरूप है।
कोतवाल जीत सिंह ने बताया कि शेरकोट के मुहल्ला फतेहनगर निवासी अंकित ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि स्योहारा थाने के गांव शरीफनगर निवासी संदीप ने उससे रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की है। आरोपी ने उसको रेलवे में सीनियर डीसी के पद की नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। 50 हजार की रकम तो उसने एडवांस में खाते में डलवा ली थी। बाकी रकम को नियुक्ति पत्र मिलने से पहले देने को कहा था। पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल का कहना है कि जांच में प्रथम दृष्टया दोनों कागज फर्जी हैं। आरोपी ने बताया कि नौकरी लगाने के नाम पर झांसा देकर ठगी करने वाला तो तेजपाल सिंह नाम का व्यक्ति है। यदि पुलिस तेजपाल को पकड़ कर पूछताछ करें तो बड़ा मामला उजागर हो सकता है।