नहटौर। पुलिस ने मंगलवार की रात मुठभेड़ के बाद एक पशु चोर को गिरफ्तार किया है। वह पशु चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए अपने साथियों के पास ऑटो से जा रहा था। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल पशु चोर को पहले सीएचसी और बाद में मेडिकल अस्पताल बिजनौर में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात करीब दो बजे पुलिस टीम ने आकू चौकी पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक वाहन को तेज गति से बूढ़पुर रोड की ओर भगा ले गया। पीछा करने पर ऑटो सवार ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक गोली ऑटो सवार के पैर में लगी। उसे घायल अवस्था में पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुल्लू उर्फ शाहबाज पुत्र मुर्तजा निवासी ग्राम गावड़ी पनियाला थाना नूरपुर बताया।
पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ मिलकर पशु चोरी करता है। चोरी किए गए पशुओं को काटकर उनका मांस बेच देता है। उसने सात नवंबर की रात्रि गांव तुराबनगर निवासी सुनील कुमार की भैंस भी चोरी करने की बात कबूल की।
साथ ही उसने बताया कि वह चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथियों से ग्राम खंडसाल के जंगल में मिलने वाला था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 12 हजार नकद, तमंचा, कारतूस, पशु कटान के उपकरण तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गुल्लू आपराधिक प्रवृति का है। उसके विरुद्ध दो मुकदमें नूरपुर व दो नहटौर थाने में दर्ज हैं। सीओ अभय कुमार पांडेय ने विधिक कार्रवाई प्रचलित होने की बात कही है।