बिजनौर के शेरकोट में नगर के पीएनबी में कैश की किल्लत से गुस्साए लोगों ने बृहस्पतिवार को बैंक पर प्रदर्शन के बाद नेशनल हाईवे-74 टेंपो स्टैंड के पास अपराह्न ढाई बजे से शाम पांच बजे तक जाम लगाकर रोष जताया। बाद में पुलिस ने काफी प्रयास कर जाम खुलवाया।
कुछ उपभोक्ताओं मोहसिन, चांदनी, सरताज अहमद, सरिता, दानिश सैफी सहित अन्य ने आरोप लगाया कि बैंक में कैश होने के बावजूद उसे बांटा नहीं जा रहा है। कैश लेने के लिए उपभोक्ता रात तक कतारों में लगे रहते हैं। इसके बाद भी कैश नहीं मिल पा रहा। बृहस्पतिवार को भी यही हालात रहे।
उपभोक्ताओं ने पीएनबी के बाहर मैनेजर और स्टाफ पर लोगों से अभद्रता करने का आरोप लगाया। कैश की किल्लत से परेशान लोगों ने पहले तो बैंक के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद अपराह्न ढाई बजे नेशनल हाईवे पर जाम लगाना शुरू कर दिया। शाम करीब पांच बजे तक यहां जाम के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी रही। सूचना मिलने पुलिस पहुंची और काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर लोगों को शांत किया।
प्रदर्शन करने वालों में महिलाएं भी शामिल रहीं। इस बारे में पीएनबी के प्रबंधक चमनलाल का कहना है कि उनके स्तर से किसी को परेशान नहीं किया जा रहा है। उधर, ग्राम मुबारकपुर के ग्रामीणों ने एक हफ्ते से कैश न देने का आरोप लगाते हुए बैंक प्रबंधक के विरुद्ध नारेबाजी की। गांव में सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा में पिछले कई दिन से किसी को भी कैश नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों सरोज, गंगा देवी, इंद्रो देवी, फहमीदा, धीर सिंह, तेजपाल सिंह, अमित कुमार, शाकिर, कादिर, गुगली, बरकत अफसाना आदि ने बताया कि बैंक से पिछले चार पांच दिन से यही स्थिति है। बैंक प्रबंधक प्रताप सिंह ने बताया कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में कैश नहीं आ रहा।