नींदडू में भुगतान न मिलने पर जाम लगाकर प्रदर्शन करते ग्राहक।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के नींदडू़ में दो दिन से भुगतान नहीं होने तथा अगले तीन दिन बैंक में अवकाश रहने के कारण उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया तथा गुस्साए उपभोक्ताओं ने बैंक के सामने दिल्ली मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार को भारतीय स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में भुगतान नहीं होने से परेशान कई उपभोक्ताओं ने शुक्रवार की सुबह सात बजे से बैंक के गेट पर कतार लगनी शुरू कर दी थी। नौ बजे बैंक कर्मी आए और ताला खोलकर अंदर चले गए।
सुबह करीब दस बजे भुगतान नहीं होने की सूचना पर पंक्ति में खड़े उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। वे नारेबाजी करते हुए बैंक के सामने दिल्ली मार्ग पर आ गए तथा जाम लगाकर प्रदर्शन करने लगे। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
नासिर, शफीक, रवि, सौरभ, इरफान, शाकिर आदि उपभोक्ताओं का आरोप था कि वे पिछले कई दिनों से अपने खाते से कैश निकालने बैंक आ रहे हैं। लेकिन उन्हें भुगतान नहीं किया जा रहा है। शुक्रवार को भुगतान की उम्मीद थी। इसलिए जरूरतमंद सुबह से ही बैंक के द्वार पर लाइन लगाए खड़े थे। गुस्साए उपभोक्ताओं ने दिल्ली मार्ग पर जाम लगाया तो पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बैंक प्रबंधक से उपभोक्ताओं की बात कराई। प्रबंधक विजेंद्र कुमार सिंह ने कैश नहीं आने तथा शनिवार से सोमवार तक बैंक बंद रहने के कारण मंगलवार को कैश आने पर भुगतान की जानकारी दी। इसके बाद करीब आधा घंटे बाद जाम खोला गया।