गांवों में पहुंचकर पंजीकरण में संशोधन करेंगे कर्मचारी
बिजनौर। कोरोना वायरस के चलते शासन के निर्देश पर कृषि भवन में किसानों के पंजीकरण में संशोधन के लिए लगाया जा रहा कैंप स्थगित कर दिया गया है। अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पंजीकरण आदि कार्य के लिए विभाग के कर्मचारी गांवों में जाएंगे। कर्मचारियों के नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में अब तक चार लाख से अधिक पंजीकरण जिले में किए जा चुके हैं। केंद्र सरकार के पोर्टल पर किसानों द्वारा कराए गए पंजीकरण में अब भी बहुत खामियां हैं। इन किसानों के बैंक खातों में संशोधन के बिना योजना की किस्त नहीं आएगी। ऐसे किसानों के पंजीकरण में संशोधन के लिए कलक्ट्रेट स्थित कृषि भवन में कैंप लगाया जा रहा था। किसान यहां आकर पंजीकरण करा रहे थे। लेकिन कोरोना के चलते यह कैंप बंद कर दिया गया है। अब विभाग के कर्मचारी न्याय पंचायत स्तर पर जाकर किसानों के पंजीकरण को सही करेंगे। इसके लिए कर्मचारियों के नंबर भी जारी किए गए हैं।
मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक में भगत सिंह (9997492482), हल्दौर में कमल सिंह (9760512337), नूरपुर में ढालगोपाल (9557448874), जलीलपुर में देवराज सिंह (9411833406), स्योहारा में इंदर सिंह (9927115582), धामपुर में देशबंधु (7017746401), नहटौर में हरि सिंह (8864959806), कोतवाली में रमेश सिंह (8191038695), अफजलगढ़ में बलजीत सिंह(9897978231), नजीबाबाद में मुकेश दत्त पाराशर (9319424515), किरतपुर में कृपाल सिंह (6395329483) पर फोन करके किसान जरूरी जानकारी ले सकते हैं। उप कृषि निदेशक जेपी चौधरी के अनुसार किसान सरकार के पोर्टल पर घर बैठे संशोधन कर सकते हैं। अगर किसी को कोई जानकारी लेनी है तो संबंधित कर्मचारियों के नंबर पर बात कर सकते हैं।