नांगलसोती के गांव चमरौला में किसानों को संबोधित करते भाकियू नेता ।
- फोटो : NAZIBABAD
नांगलसोती/नजीबाबाद। किसान नेताओं ने गांव-गांव जाकर किसानों से अधिक संख्या में एक फरवरी को बिजनौर में होने वाली किसान महापंचायत में पहुंचने का आह्वान किया। वहीं, नांगलसोती के हरचंदपुर से दिल्ली के गाजी बॉर्डर पर चल रहे किसानों के आंदोलन में शामिल होने किसान रवाना हुए।
नांगलसोती के गांव चमरौला में रविवार को भाकियू के प्रांतीय युवा अध्यक्ष नेता दिगंबर सिंह के आवास पर किसानों की बैठक की गई। दिगंबर सिंह ने कहा कि एक फरवरी को बिजनौर में होने वाली किसान महापंचायत को सफल बनाने के लिए किसान अपना एक दिन का काम छोड़कर पूूर्ण योगदान दें। किसानों को यदि तीनों कृषि कानूनों को वापस कराना है तो किसान महापंचायत में अपनी मौजूदगी दर्ज करानी होगी। बैठक में धर्मपाल सिंह, ब्रहमजीत सिंह, सुरेंद्र पाल, जयभान, शमसुल, राजकुमार, मलखान, जोगेंद्र, पितांबर, मनोज, देवेंद्र, नकुल, मुकुल, रामकुमार, जयसिंह, इरशाद आदि मौजूद रहे।
उधर, नांगलसोती के गांव हरचंदपुर से दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे किसानों के आंदोलन में शामिल होने के लिए 100 से अधिक किसान शनिवार रात को रवाना हुए। किसानों ने कृषि कानून में किसी प्रकार के सुधार को स्वीकार न कर कानून खत्म होने तक आंदोलन जारी रखने का दावा किया।