विकास कार्यों के अभिलेख तलब किए
नींदडू़। जिला कृषि अधिकारी अवधेष कुमार मिश्रा ने नींदडू़ खास में विकास कार्यों में धांधली के आरोप को लेकर की गई शिकायत में जांच के समय अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजगी व्यक्त की और यथाशीघ्र अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा।
11 नवंबर 2019 को गांव के रफीक ने इजहार के घर से नजाकत के घेर तक, नाजिम के घर से काजीवाला तालाब तक और पंचायत घर से लक्खी तालाब तक के नालों की बार-बार सफाई, लोहे के 20 चैनल, पंचायतघर व विद्यालयों की रंगाई-पुताई, पंचायत में विशेष सफाई, जच्चा बच्चा केंद्र की मरम्मत, प्राथमिक विद्यालय द्वितीय के अतिरिक्त कमरे की मरम्मत, पंचायत घर व कमरों में टाइल्स, खंभों पर लगी लाइटें, नालियों की मरम्मत, प्राशसनिक टेंडर आदि के अलावा शुद्ध पेयजल के लिए छह वाटर फ्रीजर स्थापित किए जाने में फर्जीवाड़े के आरोप लगाकर जांच की मांग की थी। 28 दिसंबर 2019 को जिला कृषि अधिकारी अवधेष कुमार मिश्रा ने नींदडू़ खास में 2016-17 से 2019-20 की अवधि में कराए गए विकास कार्यों की जांच की थी। संबंधित अभिलेख देखते समय मौके पर जांच की मांग को लेकर शिकायत कर्ता व प्रधान पक्ष में कहासुनी के बाद हंगामा हो गया था। इस पर बाद में जांच करने का आश्वासन दिया गया था। मंगलवार को वर्ष भर बाद जांच अधिकारी अवधेश कुमार मिश्रा नींदडू़ खास में विकास कार्यों की पुन: जांच करने पहुंचे। उन्होंने गंदे पानी के नाले, पंचायत घर तथा चैनल आदि की मौके पर जांच की तथा विकास कार्यों की समीक्षा के लिए अभिलेख दिखाने को कहा। निवर्तमान प्रधान एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा अभिलेख नहीं दिखा पाए। अवधेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मौके पर तीन नालों में से दो की सफाई पाई गई। उन्होंने पंचायत घर और सड़क में लगे चैनलों को देखा। जांच अधिकारी ने सचिव राकेश कुमार से संबंधित अभिलेख शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।
जांच टीम में जिला कृषि अधिकारी के अलावा जेई आरईडी अनिल कुमार, इदरीस अहमद व रजत कुमार शामिल थे। इस अवसर पर मो. आफाक, अजीमुश्शन, आसिफ अली, नदीम अहमद, रियासत अली व इरफान आदि मौजूद रहे।