बिजनौर के ग्राम डेबलगढ़ में गंगा में धरना देते ग्रामीण।
- फोटो : BIJNOR
अफसरों का आश्वासन दरकिनार, धरना बरकरार
मंडावर (बिजनौर)। गंगा पर तटबंध व पुल की मांग को लेकर किसानों का धरना 30 वें दिन भी जारी रहा। एडीएम व एसडीएम के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त करने से इंकार कर दिया।
डैबलगढ़ में चल रहे आंदोलन में बुधवार को भी किसानों ने अपने परिजनों के साथ गंगा की धारा में खड़े होकर धरना दिया। एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ व एसडीएम बृजेश कुमार किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसानों को बताया कि रावली से बालावाली तक तटबंध व पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को बनाकर भेज दिया गया है। उन्होंने अग्रिम कार्रवाई तक किसानों से धरना समाप्त करने को कहा। लेकिन किसानों ने धरना समाप्त करने से मना कर दिया और आंदोलन जारी रखने की बात कही। कहा कि जब तक प्रशासन के उच्च अधिकारी धरनास्थल पर आकर जानकार
ी नहीं देंगे उनका धरना जारी रहेगा। भाकियू के युवा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि गंगा के किनारे बसे 28 गांव के किसानों के सामने अब आंदोलन में करो या मरो की स्थिति आ गई है। कहा कि पुल व तटबंध की मांग पर जब तक कोई स्थायी समाधान किसानों के सामने नहीं रखा जाएगा किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। धरने की अध्यक्षता वीरेंद्र सिंह व संचालन जगदीश कुमार ने किया। धरने में संजीव प्रधान, रमेश राजपूत, बृजपाल चौहान, भगवत सिंह, कृष्णा, रोशन अली, प्रदीप कुमार, रणपाल चौहान, मूलचंद सैनी, धर्मपाल सिंह, मुन्नी देवी, पिंकी, सरोज, भानमती आदि किसान मौजूद रहे।