25 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे नंदा देवी एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस से लापता हो गया था शशांक
अजमेर के गंगापुर सिटी जीआरपी में 25 मई को दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
पिता का आरोप, किसी ने नशा सुंघाकर अपने कब्जे में कर लिया था उसके पुत्र को
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना (बिजनौर)। नंदा देवी एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस से लापता हुए व्यापारी सुयश जैन के युवा पुत्र शशांक जैन को 44 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जीआरपी ने सकुशल बरामद कर लिया है। वह मध्य प्रदेश के शिहोर रेलवे स्टेशन पर मालवा एक्सप्रेस से बदहवासी की हालत में मिला है। आरोप है कि छात्र को किसी ने नशा सुंघाकर अपने कब्जे में कर लिया था। फिलहाल छात्र शिहाेर के अस्पताल में भर्ती है।
नगीना निवासी कपड़ा व्यापारी सुयश जैन का 19 वर्षीय पुत्र शशांक जैन कोटा (राजस्थान) में रहकर इंजीनियरिंग की कोचिंग कर रहा था। उसका 26 मई को मुरादाबाद में जेईई एडवांस का पेपर था। इसके लिए 24 मई की शाम करीब छह बजे वह अपनी मां पारुल के साथ कोटा से नंदा देवी एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार हुआ था। रात्रि करीब साढ़े आठ बजे अजमेर के गंगापुर स्टेशन के पास शशांक अपनी सीट से लापता हो गया था। उसका मोबाइल और पर्स सीट पर ही मिला था।
काफी तलाशने के बाद जब शशांक का पता नहीं चला तो पिता ने गंगापुर सिटी जीआरपी थाने में 25 मई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार के लोग रविवार को मुरादाबाद में उस कॉलेज में भी पहुंचे, जहां शशांक का जेईई एडवांस का पेपर था, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
शाम करीब चार बजे गंगापुर सिटी जीआरपी को शशांक के मालवा एक्सप्रेस में होने की सूचना मिली। सूचना का आदान प्रदान हुआ तो मध्य प्रदेश के शिहोर रेलवे स्टेशन पर शशांक को उतार लिया गया। बताया गया कि वह बदहवासी की हालत में मिला है। फिलहाल उसे वहीं के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कपड़े फटे हुए, पैरों में जूते-चप्पल भी नहीं मिले
पिता सुयश जैन का कहना है कि किसी ने उसके पुत्र को कुछ सुंघाकर अपने कब्जे में कर लिया था। जीआरपी को शशांक बदहवासी की हालत में मिला है। कपड़े फटे हुए थे। पैरों में जूते-चप्पल भी नहीं मिले। जीआरपी ने मालवा एक्सप्रेस में उनके पुत्र के बदहवास हालत में मिलने के बाद उन्हें सूचना दी थी। पहले उनके पुत्र को मध्य प्रदेश के भोपाल में उतारा जाना था। मगर, पुत्र की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे भोपाल से पहले शिहोर रेलवे स्टेशन पर उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेटे के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल सभी परिजन शिहोर के लिए रवाना हो गए है।