पैजनिया। सोमवार रात चांदपुर-नहटौर मार्ग पर गोवंश से टकराकर बाइक सवार गारमेंट व्यापारी गांव पावटी निवासी अयान (20) पुत्र सरफराज की मौत हो गई जबकि उसके दो भाई घायल हुए है। घायलों को मेडिकल अस्पताल बिजनौर में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
अयान की चांदपुर में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। सोमवार की रात करीब आठ बजे वह अपनी बाइक पर भाई जीशान और शाकिब के साथ दुकान बंद कर गांव लौट रहा था। ग्रामीणों के अनुसार पैजनिया स्थित शराब के ठेके के नजदीक उनकी बाइक सड़क पर खड़े गोवंश से टकराने के बाद किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में तीनों भाई घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने अयान और उसके भाइयों को मेडिकल अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान अयान की मौत हो गई जबकि घायल जीशान व शाकिब को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि अयान ने हेलमेट नहीं लगाया था। यदि वह हेलमेट पहने होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। संवाद