ऋषिकेश और प्रयागराज के लिए बसें रवाना कीं
बिजनौर। परिवहन मंत्री अशोक कटारिया के निर्देश पर प्रयागराज और ऋषिकेश के लिए शुरू की गई बस सेवाओं को सदर विधायक और रोडवेज अफसरों ने औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रोजाना बिजनौर से प्रयागराज को जाने वाली बस वाया बरेली-कानपुर और ऋषिकेश के लिए चलने वाली बस वाया नजीबाबाद होकर ऋषिकेश पहुंचेगी।
बृहस्पतिवार को रोडवेज बस अड्डे पर दोपहर लगभग तीन बजे ऋषिकेश और प्रयागराज के लिए शुरू की गई बसों को सदर विधायक सुचि चौधरी, उनके पति ऐश्वर्य मौसम चौधरी, एआरएम विनोद कुमार मौर्य, जिला शासकीय अधिवक्ता वरुण राजपूत ने औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान इन बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को पानी की बोतल नि:शुल्क वितरित की गईं।
वरिष्ठ केंद्र प्रभारी अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि बिजनौर से ऋषिकेश के लिए रोजाना सुबह पांच बजे और ऋषिकेश से बिजनौर आने का समय शाम चार बजे है। इससे पूर्व यहां के लोगों को ऋषिकेश एम्स तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी को ध्यान में रखते हुए लोगों के लिए यह बस सेवा शुरू की गई है। बिजनौर से ऋषिकेश के लिए प्रति यात्री 170 रुपये किराया निर्धारित है। इसी प्रकार बिजनौर से प्रयागराज के लिए रोजाना दोपहर तीन बजे और प्रयागराज से बिजनौर के लिए भी दोपहर तीन बजे ही प्रतिदिन बस मिलेगी। इससे अधिवक्ताओं और वादकारियों को काफी सहूलियत होगी। इसके लिए प्रत्येक यात्री को 783 रुपये अदा करने होंगे।