नजीबाबाद डिपो पर सीट पाने को बस में चढ़ती भीड़।
- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद में बसों में उमड़ी भीड़, घंटों परेशान रहे यात्री
नजीबाबाद। होली त्योहार मनाने के बाद अपने गंतव्यों को जाने के लिए बुधवार को रोडवेज बसों में भारी भीड़ उमड़ी रही। कई यात्रियों को अपने गंतव्यों को जाने के लिए घंटों बस का इंतजार करना पड़ा। रोडवेज बसों में यात्रियों ने बिना मास्क के ही सफर किया।
होली के दूसरे दिन बुधवार को नजीबाबाद रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। डिपो पर बस आते ही यात्री सीट पाने को बस की ओर दौड़ पड़ते। यात्रियों को बसों में सीट पाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। कई यात्रियों को खड़े होकर ही सफर करना पड़ा तो कई बसों में इतने यात्री उमड़े कि पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। यात्री सुनील कुमार, लक्ष्मी देवी, शुभम, आशुतोष, विशाल, पिंकी देेवी का कहना था कि करीब दो घंटे से बस अड्डे पर खड़े हैं लेकिन उन्हें बस नहीं मिली है। उधर, डिपो पर यात्रियों में कोविड-19 की गाइडलाइन का कोई असर नहीं दिखा। नजीबाबाद रोडवेज डिपो इंचार्ज भाईलाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधाओं के लिए समय पर बसों का संचालन हुआ। जिस कारण डिपो ने करीब साढ़े दस लाख की आमदनी की। होली से एक दिन पूर्व भी डिपो ने करीब साढ़े दस लाख की आमदनी की थी, जो लक्ष्य से काफी अधिक रही।