बड़िया क्षेत्र में गन्ने के खेत में लगी आग को बुझाते क्षेत्रीय किसान।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में बिजली निगम की लापरवाही से एचटी लाइन से निकली चिंगारी से आग लगने से रायपुर मलिहाबादपुर उर्फ बढियोवाला में 25 बीघे खेत में खड़ा गन्न जल गया।
गांव बसैडा कुंवर निवासी कुंवर राजवर्धन सिंह के अनुसार, उनकी खेती की जमीन थाना नहटौर के गांव रायपुर मलिहाबादपुर उर्फ बढियोवाला में है। इसके ऊपर से 33 हजार केवीए की बिजली की लाइन गुजर रही है। कई बार निगम के अधिकारियों से शिकायत भी की गई थी कि लाइन गड़बड़ है। इसमें से चिंगारी भी निकलती है। इससे बड़ा हादसा हो सकता है। शुक्रवार को करीब तीन बजे एचटी लाइन से निकली चिंगारी से उनके गन्ने के खेत में आग लग गई। इससे उनका व हेमंत सिंह का 25 बीघा जमीन में खड़ा गन्ना पूरी तरह जल गया। आग लगने से उनको करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ। सूचना पर फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच तो गई और आग पर काबू नहीं पाया गया जा सका।
वहीं नजीबाबाद/बड़िया में बड़िया निवासी जोगेंद्र सिंह का गन्ने का खेत गांव से कुछ फासले पर मथुरापुर क्षेत्र में स्थित है। बृहस्पतिवार दोपहर अचानक तेज हवा चलने से खेत के ऊपर से निकल रही उच्च क्षमता की विद्युत लाइन में स्पार्किंग के साथ चिंगारी गिरने से खेत में आग लग गई। आठ बीघा गन्ना जला दिया। क्षेत्रवासियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और पानी से आग पर काबू पाया।
वहीं मंडावर में शुक्रवार दोपहर मालन नदी पुल के समीप सड़क पर किरतपुर नगर पालिका द्वारा डाले गये कूड़े ढेर में लगी आग पास में शरीफन निवासी लुकमानपुरा किरतपुर के खेत में जा लगी। गेहूं की पकी फसल ने आग पकड़ ली। राहगीर हिमांशु, संजीव, सन्नी आदि ने आग पर बामुश्किल काबू पाया।