बिजनौर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) राममूर्ति मिश्रा ने सभी नगर पालिका और पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को कूड़ा जलाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कूड़ा जलाने वालों को तत्काल नोटिस जारी कर उस पर दंड निर्धारित करने के निर्देश भी दिए। प्रदूषण से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम ने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चला कर सड़कों और बाजारों को कब्जामुक्त करना भी सुनिश्चित करें ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने पाए। उन्होंने उप संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में कोई भी वाहन प्रदूषण के मापदंडों का उल्लंघन करता हुआ न पाया जाए। इसके लिए नियमित रूप से वाहन चेकिंग करें। उन्होंने सभी उप जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदूषण फैलाने वाली इकाईयों एवं स्रोतों का सघन निरीक्षण कर दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध नयमों के अनुसार कार्यवाही अमल में लाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बड़े उद्योगों एवं भट्टा संचालकों को नोटिस जारी किये जाएं कि धूल एवं प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए आवश्यक उपाय करें, ताकि जल और वायु प्रदूषण से मुक्त रहे। इस अवसर पर अन्य अफसर भी रहे।