- एक शिक्षक बिना अनुमति अनुपस्थित रहने और एक शिक्षक बिजली लाइन शिफ्ट का विरोध पर किया निलंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना ने बिना समक्ष अधिकारी की अनुमति के विदेश जाने पर एक शिक्षिका समेत लापरवाही बरतने पर दो और शिक्षकों को निलंबित किया। एक शिक्षक बिना अनुमति विद्यालय से अनुपस्थित रहने और एक शिक्षक विद्यालय के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन शिफ्ट के प्रकरण में बीएसए ने निलंबित किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी बूढ़नपुर द्वारा बीएसए कार्यालय को बताया कि प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर देहात में तैनात सहायक अध्यापिका रीता बिना अनुमति के विदेश गईं हैं। बीएसए ने इस संबंध में शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा। बताया कि शिक्षिका ने अपने ससुर के माध्यम से स्पष्टीकरण भिजवाया। शिक्षिका रीता ने स्पष्टीकरण में कहा कि वह 2021 से 2024 तक अवैतनिक अवकाश पर रही है, जिसकी स्वीकृति 9 जुलाई 2021 से 11 जुलाई 2024 तक 1099 दिन तक हैं। उक्त अवधि में भी वह अपने पति जो भारत सरकार के अधीन मॉहीशस में कार्यरत थे के साथ थीं। विभाग का नियम है कि विदेश जाने के लिए सचिव बेसिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज से अनुमति लेनी होती है।
बताया गया कि शिक्षिका ने अनुमति मांगी थी, लेकिन अनुमति स्वीकृत हुई नहीं थी और वह चली गई। बीएसए ने बताया कि इससे यह स्पष्ट है कि रीता ने अवैतनिक अवकाश विदेश में रहने के लिए लिया और रह रही हैं। वह 22 सितंबर 2025 से विद्यालय से बिना अनुमति के अनुपस्थित चल रही हैं। बीएसए ने बताया कि सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना विदेश रहने व बिना अवकाश स्वीकृति के विद्यालय से अनुपस्थित रहने, अनुशासनहीनता के आरोप में शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।
बीएसए ने बताया कि कोतवाली ब्लाॅक के संविलियन विद्यालय हरवंशपुर धारम में कुछ दिन पहले एक छात्र करंट की चपेट में आ गया था। उक्त प्रकरण में बीएसए ने जांच कराई। बीएसए ने बताया कि जांच में पता चला कि काफी माह पहले विद्यालय के ऊपर से गुजरी रही लाइन को शिफ्ट करने के लिए विद्युत विभाग की टीम विद्यालय पहुंची थी, लेकिन प्रधानाध्यापक सलाहुद्दीन ने विरोध किया था। बाद में टीम ने उनसे संपर्क किया, तो लाइन शिफ्ट कराने से मना कर दिया।
बीएसए सचिन कसाना ने लाइन शिफ्ट का विरोध करने व विद्युत विभाग का सहयोग न करने, अपने दायित्वों का निर्वहन न करने पर, विभाग की छवि धूमिल करने आदि आरोप में प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया।
बीएसए सचिन कसाना ने बताया कि बीईओ हल्दौर ने जांच आख्या में बताया कि सहायक अध्यापक लक्षराज प्राथमिक विद्यालय हल्दौर चार अप्रैल 2026 से लगातार बिना किसी अनुमति के विद्यालय से अनुपस्थित चल रहे है। इस संबंध में फोन पर भी संपर्क किया, तो कोई उत्तर नहीं दिया गया। बीएलओ की ड्यूटी भी नहीं प्राप्त की गई। बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को निलंबित कर दिया गया।