बिजनौर में बीएसए कार्यालय पर धरने पर बैठे शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में शिक्षिका से अभद्रता करने के मामले में बुधवार को भी बीएसए कार्यालय पर ताला लटका रहा। शिक्षकों ने कार्यालय पर धरना दिया। तीन खंड शिक्षा अधिकारी व कई कर्मचारियों को काफी देर तक धरने पर बैठाए रखा। शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम जगतराज त्रिपाठी से मिलकर पूरे प्रकरण की जानकारी दी। डीएम ने सीडीओ के नेेतृत्व में समिति गठित कर मामले के पटाक्षेप करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों ने बृहस्पतिवार को भी स्कूलों में बच्चों को मिड-डे मील खिलाने के उपरांत बीएसए कार्यालय पर धरना जारी रखने को कहा है।
बीएसए द्वारा शिक्षिका के साथ किए गए अभद्र व्यवहार को लेकर उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार, जूनियर हाई स्कूल के अध्यक्ष सुधीर यादव, प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के प्रांतीय महामंत्री पुनीत चौधरी, आदर्श शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय प्रभारी सौरभ चौधरी के नेतृत्व में शिक्षकों ने बीएसए के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। बुधवार को भी बीएसए कार्यालय पर ताला लगा रहा। शिक्षकों ने स्कूलों में बच्चों को मिड-डे मील खिलाने के बाद धरने पर बैठे रहे। इस दौरान बीईओ अजय कुमार, देशराज वत्स, सुभाष चंद्र सहित कार्यालय के कई कर्मचारियों को भी धरने पर बैठाए रखा। इस बीच सुधीर यादव के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से उनके कार्यालय पहुंच कर वार्ता की तथा पूरे प्रकरण की जानकारी दी।
डीएम ने सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के नेतृत्व में एक समिति गठित कर बृहस्पतिवार तक मामले का निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं। बीएसए को भी शिक्षकों से वार्ता करने को कहा है। धरनास्थल पर तय किया गया कि 29 सितंबर को भी शिक्षक स्कूलों में बच्चों को मिड डे मील खिलाने के उपरांत बीएसए कार्यालय में धरना देंगे। इस मौके पर भूपेंद्र कुमार, सुहेल अख्तर बेग, प्रशांत शर्मा, हरवंत सिंह, सहित काफी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। संचालन ताजवीर सिंह व भूपेंद्र राणा ने संयुक्त रूप से किया।