किरतपुर में दिल्ली-पौड़ी नेशनल हाईवे पर ट्रक और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार विवाहिता बहन की मौके पर ही मौत हो गई। जिला अस्पताल ले जाते समय भाई ने भी दम तोड़ दिया। दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
किरतपुर के मोहल्ला जाटान के शमसुद्दीन की पत्नी को बृहस्पतिवार रात प्रसव पीड़ा होने पर रेलवे स्टेशन चौराहे के पास मोहल्ला अंबेडकरनगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां शमसुद्दीन की पत्नी ने एक कन्या को जन्म दिया। शमसुद्दीन का छोटा भाई 35 वर्षीय जमालुद्दीन तड़के करीब चार बजे जिला पौड़ी से आई विवाहिता बहन तबस्सुम को बाइक से अस्पताल ले रहा था। रेलवे स्टेशन चौराहे को क्रॉस करते हुए बाइक बिजनौर की ओर से आ रहे तेज गति ट्रक की चपेट में आ गई। बाइक का अगला हिस्सा ट्रक में घुस गया। दोनों भाई- बहन ट्रक के पहियों के नीचे आकर बुरी तरह कुचले गए। तबस्सुम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा अस्पताल के पास ही हुआ। परिजन व पास में मौजूद पुलिस ने जमालुद्दीन को उपचार के लिए जिला अस्पताल में ले गए, लेकिन जमालुद्दीन ने भी कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। उधर, ट्रक चालक ट्रक लेकर नजीबाबाद की तरफ भागा और करीब एक किलोमीटर दूर स्थित मोतीचूर रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रक खड़ा करके भाग गया। परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया। एक ही परिवार में दो की मौत से घर में कोहराम मच गया।
उधर, नगीना में बाइक स्लिप हो जाने से एक दरोगा और होम गार्ड घायल हो गए। दोनों का नगीना सीएचसी पर उपचार कराया गया। सुबह करीब 5:30 बजे नगीना देहात थाने में तैनात एसआई अमरपाल सिंह और होमगार्ड रामलाल बाइक से नगीना आ रहे थे।
रास्ते में एक नव निर्माणाधीन पुलिया की रेत , बजरी सड़क पर पड़ी होने के कारण बाइक फिसल गई। इससे दोनों घायल हो गए।