नूरपुर में ट्रक की चपेट में आकर जीजा-साले की मौत
नूरपुर (बिजनौर)। बिजनौर रोड पर ईदगाह के पास ट्रक व जुगाड़ की टक्कर में जीजा-साले की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव पैजनियां निवासी इंद्रजीत जुगाड़ चलाकर सामान ढोने का काम करता है। सोमवार सुबह वह अपने बहनोई हल्दौर के गांव रुस्तमपुर निवासी सागर के साथ पैजनियां से जुगाड़ में पुट्टी के कट्टे लादकर नूरपुर आ रहा था। जैसे ही वह नूरपुर से पहले ईदगाह के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जुगाड़ में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जुगाड़ के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार इंद्रजीत (16) और सागर (35) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके साथ ही जुगाड़ में सवार पैजनियां निवासी आदित्य, अजीत व राजकुमार घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। इंद्रजीत के चाचा मगन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। जीजा-साले की एक साथ हुई मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ट्रक के नंबर से चालक का पता किया जा रहा है।
इंद्रजीत और सागर की मौत से मचा कोहराम
नूरपुर। बिजनौर रोड पर हुए हादसे में मरे इंद्रजीत के परिवार की आर्थिक हालत काफी खराब है। इंद्रजीत के पिता की करीब छह साल पहले मौत हो चुकी है। वह अपने बड़े भाई राजकुमार के साथ मजदूरी कर परिवार की गुजर कर रहा था। हादसे में उसका बड़ा भाई राजकुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
इंद्रजीत के चाचा मगन सिंह ने बताया कि इंद्रजीत दो भाइयों व तीन बहनों में चौथे नंबर का था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। पिता के मरने के बाद वह बड़े भाई राजकुमार के साथ जुगाड़ वाहन से किराया कर परिवार की गुजर कर रहा था। सोमवार की सुबह दोनों भाई गांव की ही एक दुकान से पुट्टी के कट्टे लादकर नूरपुर पहुंचाने गए थे। साथ मे उसका जीजा सागर व गांव के दो युवक भी थे। ईदगाह के पास ट्रक ने पीछे से जुगाड़ को रौंद दिया। हादसे में इंद्रजीत व सागर की मौत हो गई, जबकि उसका भाई राजकुमार गंभीर घायल हो गया। एक साथ जीजा साले की मौत से उसके घर कोहराम मचा हुआ है।