- नहर पुल और सड़क निर्माण के लिए लोनिवि और सिंचाई विभाग की टीम ने किया सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
नांगलसोती। उत्तम शुगर मिल बरकातपुर के निकट नहर पुल बनाने और चीनी मिल तक सड़क निर्माण कराने के लिए लोनिवि, सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
उत्तम शुगर मिल बरकतपुर प्रतिवर्ष एक लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करती है। हजारों गन्ने के वाहन इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरते हैं, लेकिन नहर की पुलिया बहुत पुरानी होने से भी हादसा हो सकता है। किसान नेता चौधरी दिगंबर सिंह ने सिंचाई विभाग को पुल निर्माण के संबंध में पत्र लिखा था। 19 सितंबर को बिजनौर कलक्ट्रेट में हुई पंचायत में भी बरकातपुर चीनी मिल के निकट नहर पुल का निर्माण कराने का मुद्दा उठाया गया था।
डीएम अंकित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर शुक्रवार को सिंचाई विभाग हरिद्वार, लोनिवि नजीबाबाद और राजस्व विभाग की टीम सर्वे के लिए मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मिल तक सड़क बनाने और सिंचाई विभाग ने नहर पर जल्द ही पुल निर्माण कराने का आश्वासन दिया। भाकियू अराजनैतिक युवा प्रदेश अध्यक्ष चौ.दिगंबर सिंह ने कहा कि किसान हित कार्य कराने के लिए वे सदैव तत्पर हैं। जल्द ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर पुल निर्माण की बाधाओं को दूर कराया जाएगा।