आर्द्रता अधिक होने से लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही
25 से ज्यादा मरीज सांस की समस्या से ग्रसित पहुंच रहे रोजाना मेडिकल अस्पताल में
95 प्रतिशत रहा सोमवार को आर्द्रता का अधिकतम स्तर, न्यूनतम 71 फीसद रहा
15 दिन से नहीं हुई बारिश इक्का-दुक्का जगहों को छोड़कर जिले में
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। भीषण गर्मी और उमस से लोगों का बुरा हाल है। आर्द्रता अधिक होने से लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। मेडिकल अस्पताल में रोजाना 25 से ज्यादा मरीज सांस की समस्या से ग्रसित पहुंच रहे हैं। उधर, इक्का-दुक्का जगह को छोड़ दें तो बीते करीब 15 दिन से जिले में अच्छी बारिश नहीं हुई। आसमान में बादल उमड़ते हैं लेकिन बिना बरसे ही गुजर जाते हैं।
वातावरण में आर्द्रता (नमी) का स्तर काफी बढ़ा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आर्द्रता का अधिकतम स्तर 95 तथा न्यूनतम 71 फीसद रहा। वातावरण में अधिक नमी सांस लेने में परेशानी पैदा करती है। लोग खाली बैठे हुए भी पसीने से तरबतर और हांफते से नजर आते हैं। जिले में अधिकतम तापमान 34.8 तथा न्यूनतम 22.9 डिग्री रिकार्ड किया गया।
55 फीसदी से ऊपर नमी करती है परेशान
वातावरण में नमी की अधिकता परेशानी का सबब बन जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि 55 फीसदी से अधिक नमी विभिन्न तरह की समस्याएं पैदा करती है। इससे वातावरण में आक्सीजन की मात्रा घट जाती है, जिससे सांस लेने में दिक्कत होती है। अस्थमा के मरीजों के लिए यह हानिकारक हो सकती है।
अस्पताल में आ रहे सांस से संबंधित मरीज
वातावरण में बढ़ रही उमस के कारण लोगों को सांस से संबंधित परेशानी बढ़ने लगी हैं। मेडिकल अस्पताल में रोजाना 25 से ज्यादा मरीज तक सांस की समस्या से ग्रसित पहुंच रहे हैं। मेडिकल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आरएस वर्मा का कहना है कि उमस से बीमारियां बढ़ने लगी हैं। सांस लेने में परेशानी, रक्तचाप बढ़ना, एलर्जी जैसी समस्या बढ़ी हैं। उमस बढ़ने पर लोग सही से ऑक्सीजन नहीं ले पा रहे हैं। इससे अस्थमा और सांस रोगियों की परेशानी बढ़ गई है।
ज्यादा पैदल न चलें, बार-बार करें स्नान
चिकित्सक बताते हैं कि गर्मी में शरीर का तापमान नियंत्रित रखें। खुली हवा में बैठें। ताजा खाना खाएं। ज्यादा से ज्यादा ताजा पानी पिएं। साथ ही ज्यादा पैदल न चलें। इससे परेशानी हो सकती है। बार-बार स्नान करें, जिससे पसीना न आए और शरीर का तापमान नियंत्रित रहे।
बीते पांच दिनों की आर्द्रता का स्तर प्रतिशत में
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
12 जुलाई 92 78
13 जुलाई 96 80
14 जुलाई 96 77
15 जुलाई 92 68
16 जुलाई 92 70