बिजनौर। बेटी के साथ खेतों से पत्ती लेने गए ग्राम पंचायत मंझौला बिल्लौच के मजरा नजरपुर निवासी रफीक (55) पुत्र ननुवा पर गुलदार ने हमला कर दिया। वह उसे खींचकर ले जाने लगा तो साथ में गई बेटी केसर जहां (32) गन्ना लेकर गुलदार से भिड़ गई। उसने गुलदार के मुंह पर लगातार गन्ने से वार कर पिता की जान बचा ली। हालांकि गुलदार के हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया।
रफीक का घर रामगंगा पोषक नहर पुल के पार है। यहीं पर प्राथमिक स्कूल भी है। बुधवार को करीब पांच बजे रफीक और उसकी पुत्री केसर जहां घर से कुछ ही दूर खेतों में पत्ती लेने गए थे। तभी गुलदार ने रफीक पर हमला कर दिया। गुलदार उसके एक पैर को जबड़े जकड़कर खींचकर ले जाने लगा। तभी पुत्री केसरजहां ने खेत से गन्ना उठाया और गुलदार के मुंह पर वार करते हुए शोर मचाती रही। लगातार वार से गुलदार उसके पिता को छोड़कर ईख के खेत में भाग गया। पता लगने पर मौके पर ग्रामीण की भीड़ जमा हो गई। संवाद