ब्रांच पोस्टमास्टर और पोस्टमैन सम्मानित
बिजनौर। महालॉग इन डे पर जिले में 100 या इससे अधिक बैंक अथवा डाकघरों के उपभोक्ताओं को उनके घरों तक दस हजार रुपये का भुगतान करने वाले 52 ब्रांच पोस्टमास्टर और पोस्टमैन को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनसे भविष्य में और अच्छा प्रदर्शन करने की अपील की गई।
सोमवार को डाक अधीक्षक कार्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान डाक अधीक्षक राधेश्याम शर्मा ने प्रमाण पत्र और पुरस्कार वितरण किया। उन्होंने बताया कि आठ जून को जनरल पोस्टमास्टर लखनऊ के निर्देश पर पूरे प्रदेश में एक साथ महालॉग इन डे मनाया गया। इस दिन अधिक से अधिक संख्या में घर घर जाकर बैंक अथवा डाकघरों के खाताधारकों को दस हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराना था। जिले में ऐसे 52 ब्रांच पोस्टमास्टर और पोस्टमैन ने 100 और इससे भी अधिक खाताधारकों को यह सुविधा मुहैया कराई। इसी कारण बिजनौर मंडल पूरे प्रदेश में पहले पायदान पर पहुंचा। डाक अधीक्षक ने बताया कि देवेंद्र दत्त, शुभम शर्मा, घनश्याम सिंह, अर्चना, रामप्रकाश, कपिल, सत्तार, राजपाल, क्षेत्रपाल, मनोज कुमार, ब्रह्मपाल आदि ब्रांच पोस्टमास्टर और पोस्टमैन को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।