बिजनौर में विदुर कुटी के पास गंगा स्नान मेले में लगने लगे तंबु।
- गंगा स्नान मेला स्थल पर बनाई जाएगी चार पार्किंग
- पुलिस अफसर बोले, जाम की स्थिति से बचने के लिए रास्तों को चौड़ा किया जाए
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। विदुर कुटी के पास गंगा किनारे लगने वाले मेले को लेकर तैयारियां आखिरी दौर में चल रही है। सुरक्षा इंतजामों को लेकर पुलिस अफसरों ने जिला पंचायत के संग मंथन किया। इसमें चार जगहों पर पार्किंग बनाने और गहरे जल में बैरिकेडिंग करने की सहमति बनी।
जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी साकेंद्र प्रताप सिंह और एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह बृहस्पतिवार को मेला स्थल पर पहुंचे। मेला कार्यालय में पुलिस और जिला पंचायत की बैठक हुई। इसमें जिला पंचायत अध्यक्ष की ओर से मेला आयोजन को तैयारियों की जानकारी दी गई। बैठक में दोनों ही विभागों ने मंथन किया।
जिला पंचायत के अभियंता कपिल देव ने बताया कि मेला स्थल पर चार पार्किंग बनाई जाएगी। तीन पार्किंग मेले के बाहर होगी जबकि एक पार्किंग मेले के अंदर रहेगी। मेले के अंदर वाली पार्किंग में वीआईपी के वाहन खड़ा किए जाएंगे। पुलिस अफसरों की ओर से कहा गया कि लोगों को गहरे जल में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की जाए। साथ ही नाव की व्यवस्था भी रहेगी।
बता दें कि 23 नवंबर को विदुर कुटी के पास गंगा किनारे लगने वाले मेले का शुभारंभ होगा जबकि 27 नवंबर को मुख्य स्नान होना है। मेला स्थल पर करीब 80 फीसदी तैयारियां हो चुकी हैं। अब तंबू लगाए जाने का काम चल रहा है।