बिजनौर के नहटौर में कर्ज के बोझ तले दबे युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने हालत बिगड़ने पर उसे निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिजनौर रैफर कर दिया गया है। युवक की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक करीब दो वर्ष पूर्व बिजली विभाग में मीटर रीडिंग की कार्य करता था।
उसने बिल कम कराने के नाम पर लोगों से रूपये ले लिए। हालांकि किसी का बिल कम नहीं हुआ। उसने मीटर रीडिंग का कार्य भी छोड़ दिया। देनदारी से बचने के लिए वह घर छोड़कर चला गया।
कुछ दिन पूर्व ही वह घर आया था। रुपये मांगने वाले उसके घर रोज पहुंच रहे थे। बृहस्पतिवार को युवक ने अपनी जीवन लीला समाप्त करने के लिए जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जहर खाने का पता लगा।
युवक को आनन फानन में नहटौर के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। वहां से बिजनौर रेफर कर दिया गया है। युवक की हालत में सुधार बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष अता मोहम्मद ने जानकारी से इंकार किया है।