बिजनौर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाओं को सकुशल संपन्न कराने को परीक्षा केंद्रों की निगरानी अफसरों के साथ ऑनलाइन भी की जाएगी। इसके लिए डीआइओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। कंट्रोल रूम से कर्मचारी, अधिकारी 24 घंटे केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। साथ ही कुछ घटना पर केंद्र प्रभारी को सूचित करेंगे।
इस वर्ष जनपद में बोर्ड परीक्षाओं में हाईस्कूल में 45,066 तथा इंटरमीडिएट में 39,082 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए जनपद में 119 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव ने बताया कि यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षाएं 18 फरवरी से आरंभ होगी। इससे पहले दो फरवरी से यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू होंगी। सभी प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाना है। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से लेकर परीक्षा संपन्न होने तक सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि विद्यार्थियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।