भाकियू का अधिशासी अभियंता कार्यालय पर धरना
चांदपुर। भाकियू ने विद्युत निगम द्वारा किसानों के नलकूपों के अधिभार बढ़ाने के विरोध में अधिशासी अभियंता कार्यालय पर धरना दिया। अधिभार न बढ़ाने की मांग की।
बृहस्पतिवार को भाकियू कार्यकर्ता फीना रोड स्थित अधिशासी अभियंता अधिकारी के कार्यालय पर एकत्र हुए। कार्यकर्ता विद्युत निगम द्वारा नलकूपों के अधिभार बढ़ाए जाने के विरोध में धरने पर बैठ गए। रामपाल सिंह की अध्यक्षता व राकेश प्रधान के संचालन में चले धरने पर वक्ताओं ने किसानों के नलकूपों के अधिभार बढ़ाए जाने व जर्जर लाइनों पर रोष व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि किसानों के नलकूप पर अधिभार बढ़ाए जाना किसानों को स्वीकार नहीं है। किसानों की आर्थिक स्थिति पहले से ही ठीक नहीं है। भाकियू ने बागड़पुर बिजली घर से दरबाड़ा फीडर की जर्जर लाइनों को तत्काल बदलने की मांग की। बिजली का निजीकरण किसान व जनता विरोधी है इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुस्ताफाबाद बिजली घर पीपलसाना से ही रखने, बिजली की जर्जर लाइनों को शीघ्र बदलवाने की मांग की गई। धरने पर महीपाल सिंह, लुधियान सिंह, दलेल सिंह, लक्ष्मी नारायण शर्मा, शीशपाल सिंह, कल्याण सिंह, ऋषिपाल सिंह, ओमवीर सिंह, विजय सिंह सैनी, चेतन स्वरूप सिंह आदि मौजूद रहे।