सहारनपुर से बिजनौर में रुद्रपुर किसान महापंचायत में शामिल होने जा रहे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने अफजलगढ़ में विश्राम के दौरान किसानों से दिल्ली कूच के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीनों को उद्योग घरानों के हवाले नहीं होने दिया जाएगा।
गांव मीरपुर घासी व नवाबाद में किसानों को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि कृषि कानूनों की वापसी और एमएसपी के लिए कानून बनने तक आंदोलन जारी रहेगा। सरकार ने कृषि कानूनों के बहाने किसानों की जमीन और फसलों को उद्योग घरानों के हवाले करने की योजना बनाई है। संगठन उत्तराखंड सहित पर्वतीय राज्यों के किसानों की दशा सुधारने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने पर्वतीय राज्यों में रहने वाले आम जन को पर्वतीय भत्ता और किसानों को खेत से मंडी तक फसल ले जाने का ढुलाई खर्च का भुगतान सरकार द्वारा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहाड़ को बचाने के लिए विलेज टूरिज्म पॉलिसी और आईटी सेक्टर स्थापित होनी चाहिए।
आंदोलन भाजपा के नहीं सरकार के खिलाफ: टिकैत
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार 26 जनवरी हिंसा के बहाने किसानों को आंदोलन से भटकाने का प्रयास कर रही है। किसानों का आंदोलन भाजपा के नहीं बल्कि सरकार के खिलाफ है।
यह भी पढ़ें: भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत बोले- आंदोलन को दिनचर्या का हिस्सा बना लें किसान
गांव मीरपुरघासी में मुख्तियार सिंह के आवास पर प्रेसवार्ता में राकेश टिकैत ने कहा कि कानून कोई राजनीतिक दल नहीं बनाता सरकारें बनाती हैं। उन्होंने आंदोलन को वैचारिक क्रांति की संज्ञा देते कहा कि इस क्रांति के जरिए अनेक प्रस्तावित कानून को रोका जाएगा। उन्होंने किसी भी राजनीतिक नेता से मंच साझा न करने, आंदोलन के बहाने राजनीति न करने और कोई भी चुनाव न लड़ने की बात कही।
कृषि कानूनों की पूर्व में सराहना किए जाने की बात को सिरे से खारिज करते हुए एमएसपी को डिजिटल इंडिया कैंपेन से जोड़ने पर सरकार के धन्यवाद की बात कही। इससे पूर्व राकेश टिकैत को मुख्तियार सिंह ने पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। आरके आर्य व संजय राणा के नेतृत्व में शिव सैनिकों ने उन्हें पटका पहनाकर स्वागत किया। गांव नाबाद स्थित किसान नेता दर्शन सिंह फौजी के आवास पर पगड़ी पहना कर राकेश टिकैत का स्वागत किया गया। इस दौरान युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह, दर्शन सिंह फौजी, मदन राणा, यशपाल सिंह, आर्यदेव, भूपेंद्र सिंह, राणा सिंह, चौधरी विजेंद्र सिंह, चौधरी बलजीत सिंह, कुलदीप सिंह, प्रशांत शर्मा, सीपी सिंह, रणजीत सिंह उपस्थित रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/