बिजनौर जनपद की कोतवाली पुलिस ने कोर्ट का नोटिस मिलने के बाद एक मामले में फरार चल रहे भाजपा नेता और नगर पालिका के सभासद पुत्र सार्थक रिक्की, सभासद पति जितेंद्र राणा को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया है। वहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की सुनवाई के लिए 25 अक्तूबर की तिथि नीयत की है।
नगर पालिका की लिपिक सोनिका ने वर्ष 2017 में उसके घर में घुसकर मारपीट, बदसलूकी करने के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के मामले में सभासद पुत्र सार्थक रिक्की व सभासद पति जितेंद्र राणा समेत तीन के खिलाफ शहर कोतवाली में संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। भाजपा नेताओं से मामला जुड़ा होने के कारण पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। इस मामले में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। कोर्ट से समन जारी हुए। गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी पुलिस आरोपियों को नहीं दबोच पाई। कोर्ट ने एसपी व शहर कोतवाली पुलिस को इस मामले में नोटिस जारी किया। नोटिस में कहा कि कई बार वारंट जारी करने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। अगर अब भी गिरफ्तार नहीं किया तो इस मामले में शहर कोतवाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई।
रविवार रात पुलिस ने जितेंद्र राणा और सार्थक रिक्की के घर पर दबिश दी, लेकिन परिजनों ने दरवाजा नहीं खोला। पुलिस के मुताबिक सीढ़ी लगाकर पुलिस दोनों के घरों के अंदर पहुंची और गिरफ्तार कर उन्हें थाने ले आई। दोनों को छुड़ाने के लिए कुछ भाजपा नेताओं ने दबाव बनाया पर कोर्ट के नोटिस आगे पुलिस दोनों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुई। पुलिस ने किसी की नहीं सुनी। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर दिया। वहां से न्यायिक हिरासत में दोनों को जेल भेज दिया गया। सुनवाई की अगली तिथि 25 अक्तूबर नीयत की गई है। जितेंद्र राणा भाजपा के नगर अध्यक्ष पद के दावेदार हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/