किरतपुर में भाजपा प्रत्याशी अंकित ने दर्ज की जीत
किरतपुर। ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में किरतपुर आरक्षित सीट पर भाजपा प्रत्याशी अंकित चौधरी ने सपा के संयुक्त प्रत्याशी हिमालय कुमार को 19 वोटों के अंतर से पराजित कर दिया। अंकित के विजय होने पर समर्थकों में हर्ष की लहर दौड़ गई। युवाओं ने कंधे पर बिठाकर रोड शो किया।
शनिवार को सुबह 11 बजे भाजपा के ब्लॉक प्रमुख पद के प्रत्याशी अंकित चौधरी 53 बीडीसी सदस्यों के साथ मतदान स्थल पर पहुंचे और उन्होंने मतदान किया। मुख्य द्वार पर तैनात थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा और तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने बीडीसी सदस्यों के प्रमाणपत्र जांच किए तब सदस्यों को मतदान स्थल तक पहुंचाया। अपराह्न एक बजे सपा के संयुक्त प्रत्याशी हिमालय कुमार अपने समर्थक सदस्यों के साथ मतदान स्थल पर पहुंचे। तीन बजे के बाद गिनती हुई, जिसमें आरओ यशवीर सिंह ने अंकित चौधरी के जीतने की घोषणा की। अंकित को 53 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी हिमालय कुमार को 34 मत प्राप्त हुए। अंकित चौधरी ने 19 वोटों से जीत दर्ज की। सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा मय पुलिस बल मतदान स्थल पर रहे। पीएसी और पुलिस के जवान आसपास गश्त करते रहे। अंकित चौधरी के जीतने के बाद उनके समर्थकों में हर्ष की लहर दौड़ गई। अंकित चौधरी ने कहा कि मेरी जीत भाजपा की जीत है। इस मौके पर योगेंद्र राजपूत, आकाश जैन, अंशुल आर्य, मयंक अग्रवाल, मनोज बालियान आदि कार्यकर्ता रहे।