जलीलपुर ब्लॉक में भाजपा की कुंतेश जीतीं
जलीलपुर/चांदपुर। ब्लाक जलीलपुर के प्रमुख पद के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच हुए चुनाव में भाजपा की कुंतेश देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी रीना धारीवाल को सात मतों से पराजित किया है। मतदान को शांति पूर्वक कराने के लिए डीएम उमेश मिश्रा, सीपी डा.धर्मवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
शनिवार को जलीलपुर में ब्लाक प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में सत्ता पक्ष की प्रत्याशी कुंतेश देवी व निर्दलीय रीना धारीवाल के बीच कड़ा मुकाबला रहा। दोनों प्रत्याशियों के समर्थक मतदाता अलग अलग रास्ते व अलग अलग समय पर मतदान करने पहुंचे। मतदान शुरू होने के बाद से ही क्रास वोटिंग की चर्चा चलती रहीं।
ब्लाक जलीलपुर में कुल 130 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के वार्ड हैं। कुंतेश देवी दो स्थानों से निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुनी गई थी। उनके एक सीट से त्याग पत्र दे देने के कारण एक सीट रिक्त हो गई थी। जिस कारण कुल 129 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भाजपा समर्थित प्रत्याशी कुंतेश देवी 68 मत लेकर विजयी रहीं। वहीं निर्दलीय रीना धारीवाल को 61 मत मिले।