भाजपा समर्थित रमेश चौहान विजयी रहे
अफजलगढ़। सहकारी ग्राम्य विकास बैंक की स्थानीय शाखा के अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश चौहान ने जीत हासिल की है। चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
मंगलवार सवेरे निर्धारित समय पर मतदान शुरू हुआ। शाम चार बजे तक 635 मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं के लिए सफेद रंग से घेरे बने होने के बावजूद सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल सहित प्रभारी निरीक्षक मौजूद रहे। निर्वाचन अधिकारी रामगोपाल सिंह ने बताया कि कुल 1272 मतदाताओं में से 635 मतदाताओं ने वोट डाले। वोटों की गिनती के दौरान गांव दुलीचनंदपुर निवासी भाजपा समर्थित उम्मीदवार रमेश सिंह चौहान को 288 मत हासिल हुए जबकि अलियारपुर निवासी राकेश कुमार 202 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा एकमात्र महिला उम्मीदवार आयशा जमाल को 115 वोट मिले। 11 मत निरस्त हुए। रमेश सिंह चौहान ने 86 वोटों से जीत हासिल की। निर्वाचन अधिकारी द्वारा उन्हें विजेता घोषित कर प्रमाणपत्र सौंपा गया। बैंक प्रबंधक मोहम्मद अजीज खान, बीडीओ विशाल जौहरी सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।