माध्यमिक विद्यालयों में बायोमैट्रिक मशीन से लगेगी हाजिरी
बिजनौर। शासन की माध्यमिक स्कूलों में फर्जीवाड़ा रोकने की तैयारी है। इस योजना को शासन की 100 दिन की कार्य योजना में शामिल किया गया है। योजना के अनुसार विद्यालयों में न तो फर्जी विद्यार्थी पढ़ सकेंगे और न ही फर्जी शिक्षक पढ़ा सकेंगे। विद्यालयों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की ई-मेल आईडी तथा वेबसाइट बनेगी, इसके लिए समयबद्ध कार्यक्रम घोषित हुआ है।
शासन के समक्ष बिना मान्यता के स्कूलों के संचालन तथा अनधिकृत शिक्षकों के पढ़ाने की शिकायत आती रही है। जिस पर कार्रवाई शुरू हो गई है। योजना में जिले के 32 राजकीय, 73 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय लिए गए हैं। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था से राजकीय इंटर कॉलेज तथा सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में फर्जीवाड़े के मामले रुकेंगे। शिक्षकों की फर्जी नियुक्ति पकड़ में आ सकेगी। इसके लिए विद्यालयों की वेबसाइट, ई-मेल आईडी बनेगी। कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की ई-मेल आईडी, अनिवार्य रूप से बननी है। डीएम उमेश मिश्रा ने कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। डीआईओएस ने बताया कि विद्यालयों को ब्रॉडबैंड, वाईफाई, बायोमैट्रिक डिवाइस लगाना जरूरी है। अब हर विद्यालय में बायोमैट्रिक मशीन से हाजिरी लगाना अनिवार्य होगा। बायोमैट्रिक मशीन से दर्ज उपस्थिति के आधार पर ही विद्यालय के शिक्षकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों का वेतन मिलेगा। विद्यालयों को 13 मई तक डिवाइस लगाने के आदेश हैं।