बाइक सवार युवकों ने घर के खिड़की दरवाजे तोड़े
नहटौर। घर के दरवाजे के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर हुई कहासुनी के बाद करीब एक दर्जन युवकों ने घर पर धावा बोल दिया। एक युवक व दो महिलाओं के साथ मारपीट करते हुए खिड़की दरवाजे तोड़ डाले। ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मौके से दो बाइकें भी बरामद की गई हैं।
गांव कासमपुर लेखराज निवासी विमला देवी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा हैं कि नहटौर के मोहल्ला ईदगाह निवासी दूसरे वर्ग के एक युवक ने अपनी बाइक उसके घर के दरवाजे के बाहर लाकर खड़ी कर दी। जब उन्होंने बाइक हटाने को कहा तो कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद ही युवक अपने आठ दस साथियों के साथ लाठी डंडे लेकर बाइक से दोबारा आ गए। घर पर धावा बोलते हुए डंडों से खिड़की आदि तोड़ते हुए घर में घुस गए। विमला, योगिता, बलराम सिंह के साथ मारपीट की गई। शोर होने पर ग्रामीणों ने दो बाइकों के साथ तीन युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
ग्रामीणों के पुलिस पर सही कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाने पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष तिलकराज सैनी गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर पुलिस से उचित कार्रवाई के लिए कहा। पुलिस का कहना हैं कि बलवा करना सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही हैं।