बाइक सवार भाई-बहन से लूट, एक बदमाश दबोचा
नहटौर (बिजनौर)। रिश्तेदारी से घर लौट रहे बाइक सवार तीन भाई-बहनों को बाइक सवार तीन युवकों ने रोककर सोने की चेन, 15 हजार की नकदी और एक मोबाइल फोन लूट लिया। शोर शराबा होने पर आरोपी युवक गन्ने में घुस गए। लोगों ने घेराबंदी कर एक बदमाश को दबोच लिया। उसकी बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
जिला अमरोहा गांव मंगोपुरा निवासी रामवीर अपनी बहन सविता व बॉबी के साथ गांव बल्लाशेरपुर अपनी ससुराल से बाइक से घर लौट रहा था। नहटौर-नूरपुर मार्ग पर गांव दबथला के पास तीन बाइक सवार युवकों ने ओवरटेक करते हुए उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने आतंकित करते हुए सविता के गले से सोने की चेन, 15 हजार रुपये, पर्स और बॉबी के हाथ से 20 हजार रुपये का मोबाइल फोन लूट लिया। इसी दौरान तीनों भाई-बहनों ने शोर मचा दिया। उन्होंने बाइक सवार बदमाशों के पीछे अपनी बाइक दौड़ा दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मार्ग की ओर दौड़े तो आरोपी गन्ने के खेत में घुस गए। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उन्हें खेत से बाहर नहीं निकलने दिया और पुलिस को सूचना कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से बदमाशों की बाइक को भी कब्जे में लिया है। कोतवाल सतेंद्र सिंह का कहना है कि पकडे़ गए युवक से पूछताछ की जा रही है।