किरतपुर। रोडवेज बस ने बाइक सवार कुलदीप सिंह (40) पुत्र ऋषिपाल निवासी गांव मौजीपुर को टक्कर मार दी। हादसे में कुलदीप सिंह की मौत हो गई जबकि बेटा कृष्णा (9) और साले का बेटा तुषार (5) गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा शुक्रवार की रात नौ बजे मेरठ पौड़ी नेशनल हाईवे पर किरतपुर के पास हुआ।
शुक्रवार की दोपहर कुलदीप अपने बेटे कृष्णा के साथ ससुराल में गांव कसौर गया था, वहां से लौटते हुए साले का बेटा तुषार भी कुलदीप के साथ गांव मौजीपुर आने लगा। कुलदीप बाइक से दोनों बालकों को लेकर अपने घर आने के लिए निकला। रात में किरतपुर के पास पहुंचने पर बिजनौर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान कुलदीप सिंह की मृत्यु हो गई। दोनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद बस चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने बस को थाने में खड़ा कर दिया।