हादसे में बाइक सवार कांवड़िया की मौत, साथी घायल
धामपुर (बिजनौर)। शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर कुंडा के पास एक बुग्गी से टकराने के कारण बाइक सवार एक कांवड़िया की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस ने धामपुर के सीएचसी में भर्ती कराया है। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया है। जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ अजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिला मेरठ के थाना फलावदा के गांव नंगला हरेरू निवासी नीरज कुमार (24) पुत्र शीशपाल उत्तराखंड में जिला उधमसिंह नगर के किच्छा में एक सरिया फैक्टरी में नौकरी करता था। बताया कि नीरज के साथ किच्छा निवासी प्रदीप कुमार भी इसी फैैक्टरी में नौकरी करता है। नीरज और प्रदीप दोनों हरिद्वार से बाइक से कांवड़ लेकर आ रहे थे। जब वे शेरकोट थाना क्षेत्र में गांव मुबारकपुर कुंडा के पास पहुंचे तो इनकी बाइक रास्ते में खड़ी बुग्गी से टकरा गई। जिसके कारण नीरज और प्रदीप दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को एंबुलेंस से धामपुर में अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। जबकि प्रदीप को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस की ओर से घटना की संबंधित कांवडियों के परिजनों को फोन से अवगत करा दिया गया है। घटना की तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। मृतक के शव को पीएम को भेज दिया गया है।