नजीबाबाद। नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग पर एक ट्रक की चपेट में आकर एक बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग पर करीब 7.30 बजे मानसरोवर पेपर मिल के पास एक ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई। थाना प्रभारी संजय पांचाल के निर्देशन में पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। हादसे को लेकर आक्रोशित लोगों ने आंशिक जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को कब्जे में लिया। मृत की पहचान नगीना क्षेत्र के गांव कल्लूवाला निवासी पूरन सिंह के पुत्र अजय के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अजय नजीबाबाद से नगीना की ओर अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह मानसरोवर पेपर मिल के पास पहुंचा तो नगीना दिशा से आ रहे ट्रक की चपेट में उसकी बाइक आ गई। युवक की घटना स्थल पर मौत हो गई। जबकि ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने युवक की मौत की सूचना परिजनों को दी। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।