मंडावर (बिजनौर)। शनिवार को दिन में पति के साथ बाइक पर जा रही महिला से मंगलसूत्र लूटने वाले बदमाश को देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। वह दस दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था।
मुजफ्फरनगर के रामराज निवासी रविंद्र अपनी पत्नी प्रियंका और साली को लेकर अपनी ससुराल के गांव औसपुर थाना खानपुर जिला हरिद्वार के निकला। बाइक सवार रविंद्र जब बिजनौर में मंडावर-बालावाली मार्ग पर गांव गोपालपुर के पास पहुंचा। बताया गया कि पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने प्रियंका का मंगलसूत्र खींच लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश भाग निकले, हालांकि पीड़ितो ने शोर मचाया। तभी अचानक सामने से आ रहे वाहन से बचाने के चक्कर में बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। इसी बीच राहगीरों ने एक आरोपी को पकड़ लिया लेकिन वह भी छूटकर भाग निकला। सूचना पर मंडावर पुलिस मौके पर पहुंची। भाग निकले बदमाश की तलाश में कांबिंग की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाश हिमांशु निवासी लक्सर हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी है।