बिजनौर में दोपहर के समय भी कड़ाके की ठंड रही।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में लगातार सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में गिरावट होने से लोगों की कंपकंपी छूट गई। वहीं, शीतलहर चलने से लोगों को अधिक सर्दी का अहसास हुआ। आगामी कुछ दिनों में और पारा गिरने की संभावना है।
शुक्रवार सुबह कोहरा छाया हुआ था। पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहले न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही थी। लेकिन अब अधिकतम तापमान में गिरावट होने से सर्दी बढ़ गई है। उधर, दिन में 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही शीतलहर से लोगों को कंपकंपी छूट गई।
ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़े पहनकर घरों से निकले। वहीं, वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही। छोटे बच्चे और बुजुर्गों के लिए सर्दी ज्यादा परेशान कर रही है। चिकित्सक लोगों को ठंड से बचने की सलाह दे रहे हैं।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा। नगीना स्थित कृषि वेधशाला के प्रेषक सतीश कुमार का कहना है कि अभी अधिकतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी। इससे अधिक सर्दी का अहसास होगा।
जिले में पिछले एक सप्ताह का तापमान
तारीख- अधिकतम तापमान- न्यूनतम तापमान
27 दिसंबर- 22- 4.8
28 दिसंबर- 19.6- 4.6
29 दिसंबर- 19- 4.4
30 दिसंबर- 19.8- 4.9
31 दिसंबर- 20.4- 7.8
01 जनवरी- 17.4- 7.4
02 जनवरी- 14.8- 8.9
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में है और नगीना स्थित कृषि वेधशाला से लिया गया है।