नगीना के ग्राम आलेहेदादपुर में बिजली के खंभे से टकराने के बाद टाटा एस गोल्ड (छोटा हाथी) वाहन में आग लग गई। हादसे के बाद चालक स्योहारा निवासी जसविंदर सिंह (40) बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल कर उसकी मौत हो गई।
जब आग बुझी तो वाहन की ये हालत हो चुकी थी।
- फोटो : अमर उजाला
मंगलवार की मध्यरात्रि करीब ढाई बजे स्योहारा के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी जसविंदर सिंह टाटा एस गोल्ड (छोटा हाथी) वाहन से नजीबाबाद से नगीना की तरफ आ रहा था। ग्राम आलेहेदादपुर में झबरे के डेरे के पास सड़क किनारे खड़े हाईटेंशन लाइन के खंभे से वाहन टकरा गया। इस घटना में वाहन में भीषण आग लग गई। जसविंदर सिंह वाहन से बाहर नहीं निकल सका। आग में जिंदा जलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना पर फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग को बुझाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
वाहन का गेट नहीं खोल पाया जसविंदर
पुलिस और फायर कर्मी जब मौके पर पहुंचे तो जसविंदर का शरीर आग से बुरी तरह जल चुका था। माना जा रहा है कि दुर्घटना के बाद जसविंदर घायल हो गया होगा। दमकल कर्मी जयप्रकाश शर्मा के मुताबिक बाहर निकालने में असफल होने के बाद ड्राइविंग सीट से दूसरी सीट पर जाकर गिर गया। इसी दौरान आग की तेज लपटों के बीच वह पूरी तरह घिर गया और वाहन का दरवाजा नहीं खुल पाने से वह जिंदा ही जल गया।