लखनऊ से देहरादून के बीच संचालित वंदेभारत एक्सप्रेस 10 दिसंबर को सुबह 11:08 बजे नजीबाबाद के प्लेटफार्म-2 पर पहुंचेगी। पिछले आठ माह से नजीबाबाद स्टेशन से रन-थ्रू गुजर रही वंदेभारत के लिए नजीबाबाद से देहरादून, लखनऊ सहित विभिन्न स्टेशनों के लिए आरक्षण शुरू हो गया है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पौड़ी सांसद अनिल बलूनी की मांग पर वंदेभारत एक्सप्रेस को नजीबाबाद स्टेशन पर 10 दिसंबर से दोनों दिशा से स्टॉपेज दिया है। समाजसेवियों और कारोबारियों ने भी नजीबाबाद में वंदेभारत एक्सप्रेस को स्टॉपेज देने की मांग की थी। वंदेभारत का देहरादून से लखनऊ के बीच हरिद्वार, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली और बाराबंकी स्टॉपेज है। देहरादून से लखनऊ के बीच करीब 545 किलोमीटर का सफर वंदेभारत ट्रेन आठ घंटा 20 मिनट में पूरा कर रही है।
सोमवार को छोड़कर शेष छह दिनों में संचालित वंदेभारत एक्सप्रेस देहरादून से 22546 डाउन नंबर से दोपहर 2:25 बजे रवाना होकर लखनऊ रात्रि 10:40 बजे पहुंचती है। नजीबाबाद स्टेशन पर पहुंचने का समय शाम 4:17 बजे निर्धारित किया गया।
किराया घोषित होते ही शुरू हुआ आरक्षण
वंदेभारत में चेयरकार और एग्जीक्यूटिव श्रेणी के दो क्लास होंगे। चेयरकार में नजीबाबाद से हरिद्वार का 440 रुपये, देहरादून का 485, मुरादाबाद का 495, बरेली का 650 और लखनऊ का 1220 रुपये निर्धारित किया गया। एग्जीक्यूटिव श्रेणी में नजीबाबाद से हरिद्वार का 825, देहरादून का 930, मुरादाबाद का 935, बरेली का 1250 और लखनऊ का किराया 2270 रुपये है। किराया घोषित होते वंदे भारत में सफर के लिए आरक्षण शुरू हो गया है।